शोपियां। माह-ए-रमजान के अंतिम दिनों में पुलिस ने शुक्रवार को फूड सेफ्टी और रेवेन्यू विभाग के साथ संयुक्त बाजार जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि घटिया सामान की बिक्री या मनमाने दाम वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का उद्देश्य बाजार में सही व्यापारिक व्यवस्था सुनिश्चित करना और ग्राहकों को उचित दामों पर साफ-सुथरा, सुरक्षित और बिना किसी धोखाधड़ी के सामान उपलब्ध कराना था। संयुक्त टीमों ने जिले के प्रमुख बाजारों में खान-पान की चीजों, फल-सब्जियों, बेकरी और रमजान से जुड़ी अन्य वस्तुओं की दुकानों की जांच की। इस दौरान दुकानों में रेट लिस्ट लगा होना और खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई की खास जांच की गई।
दुकानदारों को सरकारी नियमों का पालन करने, कीमतों में पारदर्शिता बनाए रखने, ज्यादा वसूली से बचने और खासकर खान-पान की चीजों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें अपनी दुकानों को साफ-सुथरा रखने की हिदायत भी दी गई।
टीमों की ओर से जिले के दुकानदारों और कारोबारियों को नियमों के उल्लंघन से बचने की चेतावनी दी गई। संवाद