नशा मुक्त अभियान की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में एलजी ने दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर । प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को दिन में अभियान का आगाज करने के बाद शाम को श्रीनगर लोकभवन में सुरक्षा बैठक ली। उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक में एलजी ने नार्को आतंकवादियों की संपत्तियों को जब्त करने में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली दवाओं के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए दवा की दुकानों का सघन निरीक्षण का भी निर्देश दिया।
उपराज्यपाल ने नशा तस्करों के ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों को रद्द या निलंबित करने के लिए नियमों को तेजी से लागू करने पर जोर दिया। शिक्षण संस्थानों के आसपास निगरानी बढ़ाने को भी कहाा।
उपराज्यपाल ने उपायुक्तों को यह भी निर्देश दिया कि वे नकली या बिना अनुमति के चल रहे नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्रों की पहचान करें और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करें।
उपराज्यपाल ने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई में ''महिला समितियों'' और ''युवा क्लबों'' को विस्तार देने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि ''ब्लॉक दिवस'' और ''थाना दिवस'' का उपयोग, जनता की शिकायतों को सुनने और नागरिकों व प्रशासन के बीच विश्वास को मज़बूत बनाने के मंच के रूप में किया जाए।
बैठक में मुख्य सचिव अटल डुल्लू, डीजीपी नलिन प्रभात, गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्राकर भारती उपराज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. मनदीप के. भंडारी समेत अन्य मौजूद रहे। एलजी ने कहा कि जो भी रणनीति बनाएं उसमें रिजल्ट दिखना चाहिए।
खेलों से युवाओं को जोड़ें, प्रतियोगिताओं का करें आयोजन
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि खेल प्रतियोगिताओं और युवाओं को जोड़ने वाली गतिविधियों का आयोजन किया जाए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं और नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहें।
अमरनाथ यात्रा से मुहर्रम तक के विशेष इंतजाम करेंउपराज्यपाल ने अधिकारियों को आगे यह भी निर्देश दिया कि आगामी धार्मिक आयोजनों अमरनाथ यात्रा और मुहर्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पहले से ही व्यापक उपाय करें। उन्होंने लोगों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं करने की आवश्यकता पर जोर दिया।