संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के आठ जिलों में लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद चुनाव 2026 के लिए कुल 266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। शुक्रवार को जारी समेकित चुनावी आंकड़ों के अनुसार निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या सबसे अधिक है।
आंकड़ों के अनुसार, कुल 527 वैध रूप से नामांकित उम्मीदवारों में से 259 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए जबकि दो उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस प्रकार शेष 266 उम्मीदवार आठ जिलों में चुनाव लड़ेंगे। पार्टीवार आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 94 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसके बाद कांग्रेस और भाजपा 79-79 उम्मीदवार हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 14 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
जिलावार आंकड़ों में लेह में सबसे अधिक 65 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इसके बाद कारगिल में 49, संकू में 36, शाम और नुब्रा में 25-25, जंस्कार में 23, द्रास में 22 और चांगथांग में 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस ने लेह में 21, कारगिल में 11, शाम और चांगथांग में नौ-नौ, जंस्कार में आठ तथा नुब्रा, द्रास और संकू में सात-सात उम्मीदवार उतारे हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने लेह में 22, जंस्कार, शाम और चांगथांग में नौ-नौ, नुब्रा और संकू में आठ-आठ तथा कारगिल और द्रास में सात-सात उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के कारगिल में छह, द्रास में सात और जंस्कार में एक उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि शेष पांच जिलों में पार्टी का कोई उम्मीदवार नहीं है।
निर्दलीय उम्मीदवारों की भी सभी जिलों में उल्लेखनीय उपस्थिति है। कारगिल में सबसे अधिक 25 निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके बाद लेह में 22, संकू में 21, नुब्रा में 10, शाम में सात, जंस्कार में पांच, चांगथांग में तीन और द्रास में एक निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ रहा है। इस बीच, दो उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें कारगिल के लोतचुम और चांगथांग के खरनक समद निर्वाचन क्षेत्र के एक-एक उम्मीदवार शामिल हैं।
ये आंकड़े लद्दाख के सभी आठ स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद जिलों में प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवारों की मजबूत भागीदारी को दर्शाते हैं।