- जम्मू-कश्मीर के लोगों की सेवा जारी रखने के लिए उनके लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों, विपक्षी नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने जम्मू कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला से मुलाकात की। उन्होंने एक जानलेवा हमले से बाल-बाल बचने के बाद डॉ. अब्दुल्ला के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर पार्टी के उपाध्यक्ष और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी उपस्थित थे।
उनसे मुलाकात करने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, सीपीआईएम नेता एमवाई तारिगामी, पार्टी के महासचिव अली मोहम्मद सागर और पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद शफी उड़ी, मुबारक गुल, शमीमा फिरदौस, बशीर वीरी, तनवीर सादिक, सलमान अली सागर, अली मोहम्मद डार, इमरान नबी डार, शौकत अहमद मीर, शौकत अहमद गनई, इंजीनियर सबिया, यूनुस मुबारक गुल और डॉ. सैयद शामिल थे।
मुलाकात करने आये लोगों ने डॉ. फारूक अब्दुल्ला के लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की और उम्मीद जताई कि वह पार्टी का नेतृत्व करना और लोगों की सेवा करना जारी रखेंगे। डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि वह पूरी तरह ठीक हैं और ईश्वर उन पर मेहरबान रहा है। उन्होंने सबसे लोगों के बीच एकता का संदेश फैलाने का आग्रह किया और उन्हें समाज में फूट डालने की कोशिश करने वाले तत्वों से सावधान रहने की चेतावनी दी।