- सीमांत जिले कुपवाड़ा के निवासियों को रोजाना झेलनी पड़ रहीं परेशनियां
संवाद न्यूज एजेंसी
कुपवाड़ा। उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा में सड़क की हालात खराब होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिले के रहमल इलाके में कुकरूसा-लिलम सड़क की हालत खस्ता हो चुकी है। पैदल चलने वालों और यात्रियों, दोनों को काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासी बशीर अहमद ने कहा कि पांच साल पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत इस सड़क का निर्माण किया गया था लेकिन अब यह सड़क अनगिनत गड्ढों से भर गई है। रोजाना का सफर करना मुश्किल और असुरक्षित हो गया है। हम चाहते हैं कि इस सड़क को जल्द से जल्द ठीक किया जाए।
छात्रा बिलकीस बानो ने बताया कि रोजाना इस सड़क पर सफर करना दुश्वार हो गया है। सड़क पर गड्ढों के चलते गाड़ी में बैठे ऐसा लगता है कि रोलर कोस्टर चल रहा है। खराब मौसम में हालात और खराब हो जाते हैं। सड़क पर पानी भर जाता है। इससे वाहनों के चलने में और ज्यादा दिक्कत जबकि पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने रखरखाव की कमी पर चिंता जताई है और अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे सड़क की मरम्मत के लिए तुरंत कदम उठाएं। उनकी मांग है कि इलाके में सुरक्षित, सुगम संपर्क व्यवस्था बहाल हो।
अप्रैल के अंत में मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा
इस बीच ग्रामीण विकास विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि उनके पास कभी ऐसी शिकायत नहीं आई है। यह बात अब संज्ञान में आई है। हम टीम को मौके पर भेजेंगे और निरीक्षण करेंगे। अप्रैल के अंत में मौसम साफ होने पर मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा।