- शफकत अहमद ने किए दो गोल, आज फाइनल में श्रीनगर यूनाइटेड से होगी खिताबी जंग
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल की ओर से आयोजित कश्मीर चैंपियंस फुटबॉल लीग 2026 का पहला चैंपियन तय होने से अब सिर्फ एक कदम दूर है। क्वालिफायर-2 में बारामुला स्ट्राइकर्स ने बांदीपोरा ब्लास्टर्स को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली।
टीआरसी श्रीनगर के सिंथेटिक टर्फ फुटबॉल ग्राउंड पर शुक्रवार रात खेले गए हाई-इंटेंसिटी मुकाबले में बारामुला स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच के हीरो रहे शफकत अहमद जिन्होंने दो अहम गोल दागे। उनके दमदार खेल के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। स्टेडियम में भारी संख्या में फुटबॉल प्रेमी पहुंचे थे। रात में लाइट्स के बीच हुए इस मुकाबले का रोमांच और दर्शकों का जोश कश्मीर चैंपियंस फुटबॉल लीग के पहले सीजन की सबसे बड़ी पहचान बन गया है।
इससे घाटी में फुटबॉल की बढ़ती लोकप्रियता भी साफ दिख रही है। इस जीत के साथ बारामुला स्ट्राइकर्स अब फाइनल में श्रीनगर यूनाइटेड से भिड़ेंगे। श्रीनगर यूनाइटेड ने पहले ही क्वालिफायर-1 जीतकर फाइनल में सीधी एंट्री ले ली थी। चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। उम्मीद है कि टूर्नामेंट की दोनों बेहतरीन टीमों के बीच यह मुकाबला कश्मीर चैंपियंस फुटबॉल लीग के रोमांचक सफर का शानदार अंत होगा।
जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल ने बारामुला स्ट्राइकर्स को फाइनल में पहुंचने पर बधाई दी और दोनों टीमों के खेल भावना और प्रतिस्पर्धी जज्बे की सराहना की। काउंसिल ने फुटबॉल समुदाय और दर्शकों का भी धन्यवाद किया जिनके समर्थन से लीग सफल रही। कश्मीर चैंपियंस फुटबॉल लीग का पहला सीजन अब अपने चरम पर है।
जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल ने घाटी भर के फुटबॉल प्रेमियों को ग्रैंड फिनाले देखने का न्योता दिया है। यह टूर्नामेंट उभरती प्रतिभाओं को मंच देने, जमीनी स्तर पर फुटबॉल को मजबूत करने और जम्मू-कश्मीर में खेल के प्रति जुनून को फिर से साबित करने वाला रहा है।