- जेकेसीसीसी ने की पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाने और सेवाओं को सुचारु बनाने की पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। सर्दियों के पर्यटकों की सुविधा बढ़ाने और सेवाओं को सुचारु बनाने के लिए जम्मू-कश्मीर केबल कार कॉर्पोरेशन (जेकेसीसीसी) ने गुलमर्ग में स्की पास की ऑनलाइन बुकिंग के लिए क्यूआर कोड आधारित नई व्यवस्था शुरू कर दी है। इस डिजिटल पहल से पर्यटकों को लंबी कतारों से छुटकारा मिलेगा।
नई व्यवस्था में पर्यटक और एडवेंचर प्रेमी घर बैठे ही स्की पास जनरेट कर सकेंगे। पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग कर क्यूआर कोड प्राप्त कर सकते हैं जिसे चेकपॉइंट पर स्कैन करवाकर प्रवेश मिल जाएगा। कश्मीर टूरिज्म के निदेशक सैयद कमर सज्जाद ने बताया कि गंडोला केबल कार सिस्टम में पर्यटकों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। हाल की बर्फबारी ने इस उछाल में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मौसम की अनुकूल परिस्थितियों के कारण पर्यटन में यह बढ़ोतरी देखी जा रही है। निदेशक ने जोर दिया कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को और बढ़ावा देने के लिए सभी हितधारकों के बीच सहयोग की जरूरत है। सरकार, पर्यटन विभाग, स्थानीय समुदाय और उद्योग के हितधारकों को मिलकर संयुक्त प्रयास करने होंगे।
अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बुनियादी ढांचे की कमी के बारे में बात करते हुए सैयद कमर सज्जाद ने बताया कि कोंगडोरी में लंबे समय से शौचालय सुविधा न होने की समस्या जल्द ही हल हो जाएगी। कुछ दिनों में यह सुविधा पूरी तरह कार्यात्मक हो जाएगी। इसी महीने अफरावत में भी ऐसी ही सुविधाएं चालू कर दी जाएंगी। टूरिज्म विभाग ने जम्मू-कश्मीर को शीतकालीन पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने की प्रतिबद्धता दोहराई है ताकि पर्यटकों को अधिकतम सुविधा मिल सके।