पुलवामा। पुलिस ने पांपोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया। उसके चालक को मौके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, इलाके में अवैध खनन की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम ने शेख-उल-आलम, तानचीबाग (पांपोर) में अचानक छापा मारा। वहां नियमों की अनदेखी कर अवैध रूप से खोदाई में लगी एक जेसीबी मशीन को रंगे हाथों पकड़कर जब्त कर लिया गया।
विज्ञापन
मौके से दबोचे गए चालक की पहचान मोहम्मद साकिब शेख निवासी दूसू (पुलवामा), हाल मुकाम दूननार्ड (पांपोर) के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना पांपोर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अवंतिपोरा पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संपदा के अवैध खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसे गैरकानूनी कार्यों में लिप्त खनन माफिया और ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास अवैध खनन की किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।