- 15 से ज्यादा घर पानी में डूबे, जलभराव से जनजीवन अस्त व्यस्त
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। घाटी में रविवार के बाद सोमवार को भी भारी बारिश से शहरी इलाकों में लोगों को जलभराव से जूझना पड़ा। गांदरबल के सफापोरा में बादल फटने से इलाके में पानी भर गया। पांपोर के पातालबाग में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए। 15 से ज्यादा घर पानी में डूब गए। बारिश ने घाटी को गर्मी से तो राहत दिलाई लेकिन जलभराव से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है और एडवाइजरी जारी की है।
सोमवार को श्रीनगर में सुबह करीब 7 बजे तेज बारिश शुरू हुई जो 11 बजे बंद हुई। भारी बारिश के बाद शहर की सड़कों के अलावा निचले क्षेत्रों की गलियों और घरों में भी पानी भर गया। कुछ वीडियो भी वायरल हुए जिनमें बच्चे रबर की नावों में अपने ही घरों के आंगन में भरे पानी में नजर आ रहे हैं। बाजारों की कई दुकानों में भी पानी घुस गया जिससे काफी नुकसान हुआ है।
गांदरबल के सफापोरा इलाके के शेख मोहल्ला में बादल फटने से लोगों में दहशत फैल गई। इस घटना से स्थानीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा और इलाके में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत राहत पहुंचाने और प्रभावित बुनियादी ढांचे को बहाल करने की मांग की है।
वहीं पुलवामा जिले के पांपोर इलाके के पातालबाग में सोमवार सुबह हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। बारिश का पानी भरने से 15 से ज्यादा आवासीय मकान जलमग्न हो गए जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। बारिश का पानी जमा होने के कारण श्रीनगर-पुलवामा मुख्य सड़क भी पातालाबाग में डूब गई। इससे यातायात बाधित हुआ और आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार पांपोर मलिक आसिफ अहमद प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे।
उन्होंने लोगों से बातचीत की और जलमग्न इलाके से पानी निकालने के काम की निगरानी की। प्रभावित परिवारों से बात करते हुए तहसीलदार ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन पानी भरने की बार-बार आने वाली समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए हर संभव प्रयास करेगा, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। इससे पहले शनिवार रात और रविवार सुबह भारी बारिश, गुरेज व अनंतनाग में बादल फटने से जनजीवन प्रभावित है।
पुलवामा के पांपोर के पातालबाग में भरा बारिश का पानी। संवाद- फोटो : 1
पुलवामा के पांपोर के पातालबाग में भरा बारिश का पानी। संवाद- फोटो : 1
पुलवामा के पांपोर के पातालबाग में भरा बारिश का पानी। संवाद- फोटो : 1