- हब्बा कदल की घटना, एक आरोपी गिरफ्तार, मामले की जांच जारी
- एडीजीपी ने लोगों से आग बुझाने वाली टीमों के साथ सहयोग करने की अपील की
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। डाउनटाउन इलाके के हब्बा कदल में मंगलवार को आग बुझाने के अभियान में रुकावट और कर्मचारियों पर हमले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। थाना क्रालखुड में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132 और 121 के तहत यह प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
अग्निशमन और आपातकालीन सेवा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि आग बुझाने के अभियान के दौरान लोगों की दखलंदाजी की दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर घटना सामने आई। इसमें कुछ शरारती तत्वों ने विभाग के कर्मचारियों को उनका काम करने से रोका। हालात तब और बिगड़ गए जब भीड़ में से कुछ लोगों ने बदतमीजी शुरू कर दी। इसमें हाथापाई और बचाव व आग बुझाने के कार्यों में रुकावट डालने की कोशिशें शामिल थींं। इस वजह से लोगों की जान और माल खतरे में पड़ गए।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान एक आरोपी अब्दुल मजीद शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है। विभाग ने कर्मचारियों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है और इसे जान बचाने के कार्यों में एक गंभीर रुकावट बताया। ऐसे कृत्य न केवल आपातकाल में मदद पहुंचाने में रुकावट डालते हैं बल्कि मदद करने वालों और आम लोगों, दोनों की जान को भी ज्यादा खतरे में डालते हैं।
कानून के मुताबिक सख्ती से निपटा जाएगा
प्रवक्ता ने बताया कि एडीजीपी अग्निशमन और आपातकालीन सेवा विभाग आलोक कुमार ने लोगों से अपील की है कि ऐसी आपातकालीन स्थिति के दौरान वे आग बुझाने वाली टीमों के साथ पूरा सहयोग करें और सही तालमेल बनाए रखें। उन्होंने लोगों से यह भी आग्रह किया कि वे कामों में दखलंदाजी न करें। खासकर आग बुझाने वाले कर्मचारियों के हाथों से पानी के होज और पाइप छीनने जैसे खतरनाक काम से बचें। अधिकारियों ने दोहराया कि आपातकालीन सेवा में रुकावट डालने की किसी भी कोशिश से कानून के मुताबिक सख्ती से निपटा जाएगा।