मरीज-तीमारदार परेशान, अतिक्रमण बड़ी वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। सरकारी मेडिकल कॉलेज बारामुला के बाहर लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। जाम के कारण एंबुलेंस की आवाजाही बाधित हो रही है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अस्पताल के बाहर की सड़क पहले से ही संकरी है। दोनों ओर गलत तरीके से खड़े वाहनों के कारण हालात और बिगड़ जाते हैं। कई वाहन चालक अपने वाहन खड़े कर चले जाते हैं, जिससे आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता बेहद सीमित रह जाता है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यहां ट्रैफिक पुलिस की तैनाती न होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। उनका कहना है कि जाम को नियंत्रित करने के लिए इस क्षेत्र में नियमित रूप से ट्रैफिक कर्मियों की मौजूदगी बेहद जरूरी है।
सोमवार को एक गंभीर मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी कुछ समय के लिए जाम में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लगातार सायरन बजने के बावजूद एंबुलेंस को भीड़भाड़ से निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अस्पताल के एक कर्मचारी ने कहा, यह कोई सामान्य सड़क नहीं है, यह सीधे जीवन बचाने से जुड़ी है। कुछ मिनट की देरी भी भारी पड़ सकती है।
स्थानीय लोगों और आगंतुकों ने जिला प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने अवैध पार्किंग पर सख्ती, अतिक्रमण हटाने, पैदल मार्ग साफ करने और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने की अपील की है।