- परिजन ने जताया रोष, स्वास्थ्य मंत्री ने दिए मामले की जांच के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। काजीगुंड के युवक की आशाजीपोरा सड़क हादसे में मौत के बाद सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अनंतनाग में कथित लापरवाही के आरोपों ने रविवार को तूल पकड़ लिया है। मृतक की पहचान बिलाल अहमद मीर निवासी यारहोल बईहामा, काजीगुंड के रूप में हुई है।
बिलाल अहमद मीर आशाजीपोरा फल एवं सब्जी मंडी के पास शनिवार को एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अनंतनाग अस्पताल लाया गया। परिजन का आरोप है कि उनकी गंभीर हालत के बावजूद अस्पताल में समय पर उचित चिकित्सा सुविधा नहीं दी गई जिससे उनकी हालत बिगड़ती चली गई और उनकी मौत हो गई।
परिवार का कहना है कि जरूरी मेडिकल स्टाफ की अनुपस्थिति या देरी के कारण बिलाल को समय पर उपचार नहीं मिल सका। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्वास्थ्य मंत्री सकीना इत्तू ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जीएमसी अनंतनाग के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अरशद हसन सिद्दीकी ने भी कहा कि मामले की पूरी जांच की जाएगी। यदि किसी प्रकार की लापरवाही साबित होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने अनंतनाग अस्पताल की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए बेहतर मरीज देखभाल और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।