अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जिला गांदरबल ताइक्वांडो एसोसिएशन जिला स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह चैंपियनशिप 23 से 24 मार्च तक जेकेएससी इंडोर स्टेडियम सेहपोरा गांदरबल में माय यूथ माय प्राइड पहल के तहत आयोजित की जाएगी।
यह आयोजन जम्मू-कश्मीर ताइक्वांडो एसोसिएशन (जेकेटीए) और जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल की देखरेख में होगा। इसमें सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर श्रेणियों में रोमांचक मुकाबले होंगे जो गांदरबल के युवा खिलाड़ियों को अपने कौशल, जोश और खेल भावना का प्रदर्शन करने के लिए शानदार मंच प्रदान करेंगे।
एसोसिएशन पूरी चैंपियनशिप के दौरान निष्पक्ष खेल और पेशेवर आचरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है जो जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने के प्रति उसके समर्पण को दर्शाता है। एसोसिएशन के एक अधिकारी ने बताया कि चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों का पालन करना होना। इनमें सभी प्रतिभागियों के लिए जेकेटीए एथलीट लाइसेंस अनिवार्य है। इसके बिना कोई भी एंट्री स्वीकार नहीं की जाएगी।
ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) के निर्देशों के अनुसार सीनियर खिलाड़ियों के लिए ब्लैक बेल्ट प्रमाण पत्र अनिवार्य हैं। सभी खिलाड़ियों को भरा हुआ पंजीकरण फॉर्म, आधार कार्ड, जेकेटीए लाइसेंस, जन्म प्रमाणपत्र जमा करना जरूरी है।