लेह में जिला पुलिस लाइंस परिसर में लद्दाख पुलिस द्वारा पौधारोपण करते हुए।स्रोत — सोशल मीडिया।
लेह। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लेह पुलिस ने शनिवार को पौधारोपण अभियान चलाया। ग्रीन लद्दाख पहल के तहत जिला पुलिस लाइंस में पौधे लगाए गए।
यह अभियान लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीराम के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिगजिन संगडुप की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस दौरान हरियाली बढ़ाने के लिए विलो, पॉपलर, फलदार और ओलिऐस्टर सहित विभिन्न किस्मों के पौधे लगाए गए। पौधारोपण में पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के साथ-साथ जिला पुलिस लाइंस लेह के स्टाफ ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
व्यापक पहल के तहत पुलिस चौकी तांगत्से को 100 विलो पौधे और चौकी खालत्से को 200 पौधे वितरित किए गए। इसी प्रकार अन्य अधीनस्थ इकाइयों को भी विलो और पॉपलर के पौधे वितरित किए जाएंगे। पौधारोपण के लिए प्रसिद्ध मोहम्मद अली जिन्हें थांग नुब्रा के गोबा अली के नाम से जाना जाता है, कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। संवाद