संवाद न्यूज एजेंसी
शोपियां। पुलिस की हिरासत से छुड़ाने का झूठा वादा कर ठगी करने के एक आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। आरोपी ने जैनापोरा थाने में एक व्यक्ति के भाई को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की बात कही थी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि विगत रविवार को हुम्हुना जैनापोरा निवासी आसिफ अहमद पर्रा से व्हाट्सएप के जरिए एक शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मुंडूरा त्राल निवासी सज्जाद अहमद भट नाम के एक ठग ने उसके भाई को पुलिस हिरासत से रिहा करवाने की बात कह उससे 5,40,000 रुपये ऐंठ लिए। शिकायतकर्ता के भाई उमर मकबूल को जैनापोरा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था।
हालात का फायदा उठाते हुए आरोपी ने खुद को सरकारी कर्मचारी बताया। दावा किया कि उसके पास शिकायतकर्ता के भाई को रिहा करवा देगा। शिकायत का संज्ञान लेते हुए शोपियां पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। अधिकारी ने बताया कि आरोपी से अब तक 1.50 लाख बरामद किए गए हैं। उसे हिरासत में ले लिया गया है और बाकी रकम बरामद करने के प्रयास जारी हैं। इस बीच पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे सतर्क रहें और ऐसे व्यक्तियों से दूर रहें। ऐसे किसी भी प्रयास की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दी जाए।