कुपवाड़ा में बसों में लगी आग। वीडियो ग्रैब
- मुख्य बस अड्डे पर लगी भीषण आग, घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू, कारणों की जांच जारी
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में बुधवार देर रात को मुख्य बस स्टैंड पर भीषण आग लग गई। इस हादसे में सात बसें जल गईं। हालांकि सूचना मिलते ही अग्निशमन और आपातकालीन सेवा (एफएंडईएस) विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग को फैलने से रोक दिया गया।
एफएंडईएस विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जिला फायर कंट्रोल रूम को बुधवार रात लगभग 11:27 पर भीषण आग लगने की सूचना मिली। दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया। वहां पहुंचने पर कर्मियों ने देखा कि कई बसें आग की लपटों में घिरी हुई हैं। अधिकारी का कहना है कि आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के लिए एक त्वरित और समन्वित अभियान चलाया गया। कई घंटों की लगातार कोशिशों के बाद आग पर काबू पा लिया गया जिससे स्थिति और बिगड़ने से बच गई। इस घटना में कुल सात बसें जल गईं। उन्होंने आगे कहा कि इनमें से तीन बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, तीन को आंशिक नुकसान पहुंचा जबकि एक बस आग के सेक और धुएं की चपेट में आ गई।
अधिकारी के अनुसार यह अभियान वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में चलाया गया। कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर बचाव कार्य की निगरानी और निर्देश दे रहे थे। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने या झुलसने की कोई खबर नहीं है। अधिकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस मामले की विस्तृत जांच जारी है।