कुलगाम। जिले के खी जोगीपोरा गांव में बुधवार को आग लगने से एक परिवार का आशियाना जलकर राख हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार बेटी की शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था जो अगले सप्ताह तय है। शादी के लिए खरीदा गया जरूरी सामान, गहने, कपड़े सबकुछ जल गया।
जानकारी के अनुसार, मंजूर अहमद मलिक के रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते उसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक घर जल चुका था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि यह हादसा उनके लिए सबसे कठिन समय में हुआ है क्योंकि घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं।
शादी के लिए जुटाए गए सभी जरूरी सामान, सोने के जेवर, कपड़े और घरेलू सामान आग में जल गए। इस हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है और गांव में भी शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। संवाद