नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला की ओर से शनिवार 11 मार्च को जम्मू में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में भाजपा को छोड़कर सभी दलों को आमंत्रित किया गया है। हालांकि इसमें पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती हिस्सा नहीं लेंगी।
शुक्रवार को श्रीनगर में एक प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक ने कहा कि बैठक में जम्मू-कश्मीर में लगाए जा रहे संपत्ति कर से लेकर हर मुद्दे पर चर्चा करेंगे। जम्मू-कश्मीर में जो स्थिति बनी हुई है, इस पर बैठकर बातचीत होगी। डॉ. फारूक ने कहा, ऑल पार्टी मीटिंग उनके जाने से पहले ही तय की गई थी। इस बीच जेकेएसएसबी और एप्टेक के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर कहा कि इस पर भी बातचीत की जाएगी, जो भी बहस के बाद निर्णय लिया जाएगा वह आपके सामने लाएंगे।
नेकां प्रमुख ने कहा कि बैठक के लिए सभी दलों को इसमें शामिल होने का न्योता दिया है। हालांकि इसमें भाजपा को नहीं बुलाया गया है। डॉ. फारूक अब्दुल्ला उमराह कर कश्मीर लौटने के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज पढ़ने श्रीनगर के हजरतबल स्थित दरगाह पहुंचे। फारूक ने कहा कि उन्होंने उमराह के दौरान काबा में अल्लाह से हम सबकी मुश्किलें आसान करने और अमन-शांति की दुआ मांगी।
पीडीपी प्रमुख की जगह, पार्टी उपाध्यक्ष होंगे बैठक में शामिल
सर्वदलीय बैठक में पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की जगह पार्टी के उपाध्यक्ष चौधरी हमीद को बैठक में हिस्सा लेने के लिए अधिकृत किया गया है। पीडीपी सूत्रों के अनुसार पार्टी अध्यक्ष वैसे तो जम्मू में 11 मार्च को पहुंच रही हैं, लेकिन सर्वदलीय बैठक तीन बजे है और महबूबा मुफ्ती जम्मू में शाम पांच बजे के करीब पहुंचेंगी। ऐसे में वह बैठक में खुद हिस्सा नहीं लेंगी।