कुलगाम। जम्मू-कश्मीर में नशा तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस ने कुलगाम में मंगलवार को एक बड़े ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने किंगपिन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 202 ग्राम हेरोइन और 52,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कनिसपोरा बारामुला निवासी हिलाल अहमद गनई और वागूरा बारामुला निवासी परवेज अहमद भट, बनिहाल से काजीगुंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के जरिए हेरोइन की तस्करी कर स्थानीय युवाओं में इसकी सप्लाई कर रहे हैं।
इस सूचना के आधार पर थाना काजीगुंड में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोइमुल्ला में नाका लगाया, जहां एक कार को रोका गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई और वाहन को जब्त कर लिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए मुख्य सप्लायर सादिक हुसैन उर्फ शोकी निवासी रख बरोठियन, विजयपुर, जिला सांबा की पहचान की। इसके बाद काजीगुंड पुलिस ने सांबा पुलिस के सहयोग से आरोपी के घर पर सर्च वारंट लेकर छापा मारा।
छापे के दौरान किंगपिन को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके ठिकाने, खासकर एक अस्तबल से 152 ग्राम हेरोइन और 52,000 रुपये बरामद किए गए। संवाद