- पूर्व मुख्यमंत्री बोले, जम्मू-कश्मीर में चुनाव होने जल्द होने चाहिए, स्थानीय निकाय व पंचायतें लोकतंत्र के स्तंभ
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को उम्मीद जताई कि चार राज्यों में बनने वाली नई सरकारें अपनी जिम्मेदारियां निभाते समय इस बात का ध्यान रखेंगी कि यह देश सभी का है, चाहे उनका धर्म या भाषा कोई भी हो।
मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में चरार-ए-शरीफ में पत्रकारों से बात करते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि नई सरकारों को सभी की तरक्की के लिए काम करना चाहिए। चुनाव नतीजों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मेरी क्या प्रतिक्रिया हो सकती है। लोगों का फैसला आपके सामने है, मैं इसके बारे में क्या कह सकता हूं। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नई सरकारें चुनी गई हैं। अल्लाह करे कि वे लोगों के लिए अच्छा काम करें। उन्हें यह याद रखना चाहिए कि यह देश हम सभी का है, चाहे हमारा धर्म या भाषा कोई भी हो। उन्हें इस बात का ध्यान रखना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी की तरक्की हो।
जम्मू-कश्मीर में स्थानीय निकाय चुनावों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में एनसी प्रमुख ने कहा कि चुनाव होने चाहिए क्योंकि स्थानीय निकाय लोकतंत्र के स्तंभ होते हैं। चुनाव होंगे, हम इंतजार कर रहे हैं। ये होने ही चाहिए। पंचायतें लोकतंत्र का स्तंभ हैं और उनके चुनाव कराना जरूरी है। ये पंच ही होते हैं जिन्हें स्थानीय विकास का काम करना होता है और लोगों को पेश आने वाली समस्याओं का समाधान करना होता है।