श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ फारूक अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि बाजारों में ईंधन की कमी ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच चल रहे युद्ध की वजह से है। अब्दुल्ला ने यहां हजरतबल दरगाह में रमजान के आखिरी जुमे की नमाज पढ़ने के बाद पत्रकारों से बातचीत की।
उन्होंने कहा, ईंधन और गैस की कमी उस युद्ध की वजह से है जो अभी चल रहा है। आइए हम उम्मीद करें और दुआ करें कि यह युद्ध जल्द ही खत्म हो जाए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ ताकतें इस्लाम को खत्म करने की कोशिश कर रही हैं, अल्लाह उन्हें तबाह कर दे। दुनिया भर में चल रहे संघर्ष को लेकर पूछे गए सवाल को लेकर अब्दुल्ला ने लोगों से एकजुट होकर रहने की अपील करते हुए कहा, मैं यही कहूंगा कि अल्लाह को याद करना चाहिए। अल्लाह के सिवा कोई ताकत है नहीं। वही है, वही था और वह रहेगा। हमें इत्तेफाक और एकजुट होकर रहना चाहिए। और इत्तेफाक से ही हम लोग आगे बढ़ सकेंगे।