एडीसी ने फ्लैगशिप योजनाओं के तहत अधिक से अधिक लाभार्थियों को शामिल करने पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। अतिरिक्त उपायुक्त अनंतनाग विकास अहलावत ने एचएडीपी और जेकेसीआईपी योजनाओं की जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में इन प्रमुख योजनाओं के तहत प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में जीएम डीआईसी, मुख्य कृषि अधिकारी मुख्य पशुपालन अधिकारी उपनिदेशक मत्स्य विभाग, जिला सांख्यिकी अधिकारी जिला बागवानी अधिकारी, एएमओ, डीएसएचओ के प्रतिनिधि, एईओ, एलडीएम तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान विभागवार आवेदन स्थिति, इकाइयों की स्थापना, फंड उपयोग, स्वीकृति दर, ट्रैकिंग, फार्म पंजीकरण तथा योजनाओं के तहत क्रेडिट स्कोर और स्वीकृति दर में सुधार के उपायों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर डीएलआईसी ने के तहत 1483 मामलों तथा जेकेसीआईपी के तहत 1193 मामलों को मंजूरी प्रदान की। इसके साथ ही जिले में एचएडीपी के कुल स्वीकृत मामलों की संख्या बढ़कर 40,317 और जेकेसीआईपी के मामलों की संख्या 4,272 हो गई है।
स्वीकृत 1483 एचएडीपी मामलों में से 1319 मामले कृषि विभाग तथा 108 मामले पशुपालन विभाग से संबंधित हैं। वहीं जेकेसीआईपी के तहत स्वीकृत 1193 मामलों में से 1148 मामले कृषि विभाग से जुड़े हैं।
बैठक में बताया गया कि एचएडीपी के तहत स्वीकृत 40,317 मामलों में से अब तक 15,590 इकाइयां स्थापित की जा चुकी हैं, जो कुल मामलों का 38.66 प्रतिशत है। इसी प्रकार जेकेसीआईपी के तहत स्वीकृत 4,272 मामलों में से 560 इकाइयां स्थापित की गई हैं, जो कुल का 13.10 प्रतिशत है।
एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाए जाएं तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाई जाए।