- शादिपोरा ट्रांजिट कैंप में अमरनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, प्रबंधों पर जताई संतुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदीपोरा। डीसी इंदु कंवल चिब और एसएसपी अजाज अहमद जरगर ने रविवार को शादिपोरा ट्रांजिट कैंप का दौरा कर श्री अमरनाथ यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कैंप में मौजूद तीर्थयात्रियों से सुविधाओं को लेकर सीधा फीडबैक भी लिया।
डीसी और एसएसपी ने ट्रांजिट कैंप में स्थापित आवास, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली, ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा तैनाती और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य तीर्थ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करना था। डीसी ने जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से की गई विस्तृत तैयारियों पर संतोष जताया।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपस में बेहतर समन्वय बनाए रखने, किसी भी जरूरत पर त्वरित प्रतिक्रिया देने और यात्रा अवधि के दौरान निर्बाध सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए ताकि यात्रा सुगम और परेशानी मुक्त हो सके। तीर्थयात्रियों से बातचीत में डीसी और एसएसपी को व्यवस्थाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
तीर्थयात्रियों ने ट्रांजिट कैंप में दी जा रही सुविधाओं की सराहना की और वार्षिक यात्रा को सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के प्रयासों का धन्यवाद किया। डीसी ने कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और आवश्यक सेवाओं की कुशल डिलीवरी के जरिए तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाते रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान सुंबल के एसडीएम मुर्तजा अहमद शेख के अलावा सिविल प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और विभिन्न लाइन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। सभी अधिकारी यात्रा के सुचारु संचालन और श्री अमरनाथ यात्रा के कुशल प्रबंधन में सक्रिय रूप से जुटे रहे।