श्रीनगर। उपायुक्त अक्षय लाबरू ने सोमवार को पीरबाग में सेवानिवृत्त सैनिकों और बलिदानियों के बच्चों के लिए नए बने हॉस्टल का निरीक्षण किया। इस मौके पर सैनिक कल्याण निदेशक पंकज चिब, अतिरिक्त उप कमिश्नर मीर इम्तियाज उल अजीज, मुख्य योजना अधिकारी फयाज अहमद डार, जिला सामाजिक कल्याण अधिकारी डॉ. मुख्तार अहमद, कार्यकारी अभियंता आरएंडबी खालिद महमूद, तहसीलदार छानपोरा किफायत हुसैन, फारूक फरीद, रशीद और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी शामिल थे।
इस अवसर पर डीसी ने हॉस्टल में कुल सुविधाओं की समीक्षा की और मुख्य घटकों जैसे भवन संरचना, आवास कक्ष, बिजली और पानी की आपूर्ति की सुविधाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। डीसी ने देखा कि अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और हॉस्टल लगभग इस्तेमाल के लिए तैयार है। उन्होंने संबंधित विभागों को शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। संवाद