- जेपीकेसीआईपी के तहत टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। जिला टेलीकॉम समिति (डीटीसी) की बैठक वीरवार को श्रीनगर में डीसी कार्यालय के बैठक कक्ष में डीसी अक्षय लबरू की अध्यक्षता में हुई। डीसी ने जिले में 4जी सैचुरेशन और भारतनेट परियोजनाओं के कार्यान्वयन को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी शासन आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति के लिए बेहतर कनेक्टिविटी अनिवार्य है।
बैठक में जम्मू और कश्मीर कम्युनिकेशन और कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के तहत टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की समीक्षा और चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त रिफत अफताब कुरैशी, अतिरिक्त उपायुक्त, मीर इम्तियाज उल अजीज, डीएसपी सैयद सलीथ शाह, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर आरएंडबी शबीर अहमद, सहायक आयुक्त राजस्व उमर गुलजार, सहायक आयुक्त तारिक अहमद रेशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. ताहिर सज्जाद, डीआईओ, एनआईसी श्रीनगर शहनाज नायीम, वन विभाग, एसडीए, पीसीसी और जिले में काम कर रही विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधियों के अधिकारी उपस्थित थे।
समिति ने श्रीनगर जिले में टेलीकॉम अवसंरचना को मजबूत करने और नेटवर्क कनेक्टिविटी बढ़ाने से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। मोबाइल टावरों के निर्माण और कमीशनिंग, 4जी सैचुरेशन, ऑप्टिकल फाइबर केबल के लिए राइट ऑफ वे आवेदन की स्थिति, संशोधित भारत नेट परियोजना के तहत प्रगति 5जी स्ट्रीट फर्नीचर मैपिंग और अन्य संबंधित मामलों पर विस्तृत चर्चाएं की गईं। बैठक के दौरान जिला उपायुक्त ने टेलीकॉम अवसंरचना परियोजनाओं के समय पर पूरा होने को सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सभी पंचायतों को जोड़ने के महत्व पर भी बल दिया ओर अपने-अपने ब्लॉकों में समयबद्ध तरीके से शासन और सेवा वितरण तंत्र को बेहतर बनाने के लिए जोर दिया।