- आज शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में होगा फाइनल मुकाबला और समापन समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। सीआरपीएफ कप के तीसरे संस्करण के छठे दिन शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम के ग्राउंड में तीन रोमांचक मैच खेले गए। बुधवार को स्थगित हुआ क्वार्टर फाइनल मैच भी वीरवार को खेला गया। इसमें बटवारा क्रिकेट क्लब ने जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में मुराद सेवेंथ स्ट्रीट श्रीनगर और बटवारा स्पोर्ट्स क्लब की टीमें जीत हासिल कर फाइनल में पहुंचीं।
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में वीरवार को पहला मैच क्वार्टर फाइनल मुकाबला यंग स्टार इलेवन और बटवारा स्पोर्ट्स क्लब के बीच हुआ। यंग स्टार की टीम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 15.5 ओवर में सभी विकेट गवां दिए और महज 91 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बटवारा स्पाेर्ट्स क्लब की टीम ने महज 7.4 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आठ विकेट से टीम की जीत के हीरो पांच विकेट लेने वाले तौकीर बने।
मैन ऑफ द मैच 64 रन बनाने वाले सरशील बने
पहला सेमीफाइनल मैच शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में मुराद सेवेंथ स्ट्रीट श्रीनगर और द रियल सुल्तान सुमेरबुग के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीनगर की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 220 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुमेरबुग की टीम 153 रन पर सभी विकेट गवां बैठी। श्रीनगर ने यह मैच 67 रन से जीता। मैन ऑफ द मैच 64 रन बनाने वाले सरशील बने।
दूसरा सेमीफाइनल मैच शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में एमएलए जिमखाना बडगाम और बटवारा स्पोर्ट्स क्लब के बीच हुआ। बडगाम की टीम ने महज 13 ओवर में ही 87 रन पर सभी विकेट खो दिए। बटवारा स्पाेर्ट्स क्लब की टीम ने आसानी से लक्ष्य को महज 12.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। हालांकि उसके सात विकेट गिर चुके थे।
शुक्रवार को सुबह 9 बजे प्रतियोगिता का फाइनल मैच मुराद सेवेंथ स्ट्रीट श्रीनगर और बटवारा स्पोर्ट्स क्लब के बीच खेला जाएगा। इसके बाद सीआरपीएफ के अधिकारियों और अतिथियों की उपस्थिति में पुरस्कार वितरण और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। विनर को दो लाख रुपये और रनरअप को 1.75 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। साथ ही प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट औैर अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे।