- स्की लिफ्ट का निरीक्षण करने गुलमर्ग पहुंचे मुख्यमंत्री, मिली खामियां
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को गुलमर्ग का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही शुरू की गई स्की लिफ्ट का निरीक्षण किया। इसमें खामियां देख तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि बर्फ पड़नी बहुत जरूरी थी इससे पर्यटक ताे आएंगे ही लेकिन पानी की सप्लाई के लिए यह बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्की लिफ्ट देखने आए थे। अच्छा हुआ जो जांच में कई खामियां पता चल गईं। अगर मैं नहीं आता तो यह शुरू भी नहीं हो पाती। बर्फबारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि अल्लाह का शुक्र है कि चिल्ले कलां में बर्फ पड़ी। यह हमारी पेयजल आपूर्ति को बनाए रखने के लिए जरूरी है। बारिश और बर्फ अगर कम होगी तो गर्मियों में पानी की काफी परेशानी हो जाएगी।
पर्यटक आ रहे हैं बहुत अच्छी बात है। अब ये बर्फ उन्हें और न्योता देगी। उम्मीद है कि बर्फ अच्छी रहे जिससे खेलो इंडिया के विंटर गेम्स का यहां भी आयोजन किया जा सके। हमें उम्मीद हैं कि हम इसे कर पाएंगे। बिजली आपूर्ति बाधित होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अधिकतर जगह आपूर्ति सुचारु हो चुकी है। दूर-दराज के इलाकों की भी बिजली व्यवस्था आज बहाल हो जाएगी।