- अनंतनाग में मुख्यमंत्री बोले- बागवानी वैल्यू चेन को बढ़ावा देगी यह सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को अनंतनाग के जबलीपोरा स्थित इंटरनेशनल फ्रूट मार्केट में एक अत्याधुनिक फल और सब्जी प्रोसेसिंग सेंटर का उद्घाटन किया।
यह फ्रूट मार्केट कैपेक्स बजट के तहत लगभग 4.30 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य फसल कटाई के बाद के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना और इस क्षेत्र में बागवानी उत्पादों के लिए मूल्य संवर्धन को बढ़ाना है। इस प्रोजेक्ट को जम्मू और कश्मीर बागवानी उत्पाद विपणन और प्रसंस्करण निगम लिमिटेड की ओर से पूरा किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थापना से फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने और किसानों को बेहतर मुनाफा दिलाने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि सरकार बागवानी क्षेत्र में मजबूत वैल्यू चेन बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है जिससे स्थानीय उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धा कर सकें।
एक व्यापक सुविधा के रूप में डिजाइन किया गया यह सेंटर कई आधुनिक घटकों से सुसज्जित है जिसका उद्देश्य नुकसान को कम करना और उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार करना है। इसमें एक फल और सब्जी कैनिंग और पैकेजिंग यूनिट, छंटाई और ग्रेडिंग के लिए विशेष पैक हाउस, मशरूम प्रोसेसिंग यूनिट और टमाटर प्यूरी बनाने की सुविधा शामिल है। इसके अलावा इस सेंटर में 400-500 किलोग्राम प्रति घंटे की प्रोसेसिंग क्षमता वाली फल सुखाने की यूनिट, 20 मीट्रिक टन का फ्रीजिंग चैंबर और उन्नत पैकेजिंग और भंडारण सुविधाएं भी शामिल हैं। उम्मीद है कि ये घटक प्रोसेसिंग क्षमता को काफी बढ़ाएंगे, उत्पादों की शेल्फ लाइफ को बढ़ाएंगे और स्थानीय उत्पादकों तथा कृषि-उद्यमियों के लिए बाजार के नए रास्ते खोलेंगे।
विभिन्न स्टॉलों का किया दौरा, प्रगतिशील किसानों से की बातचीत
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों के विभागों की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया। यहां उन्होंने प्रगतिशील किसानों, कृषि-उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के साथ बातचीत की। उन्होंने यहां प्रदर्शित की गई नई पद्धतियों, आधुनिक तकनीकों और स्थानीय स्तर पर विकसित उत्पादों में गहरी दिलचस्पी दिखाई। उनके प्रयासों की सराहना करते हुए, उन्होंने उन्हें आधुनिक तकनीकों को अपनाने और अधिक मूल्य वाली फसलों तथा उससे जुड़ी गतिविधियों में विविधता लाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उद्घाटन समारोह में मंत्री सकीना इत्तू, जावेद अहमद डार, सलाहकार नासिर असलम वानी, विधायक बशीर अहमद शाह वीरी, अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरज गुप्ता के अलावा अन्य विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।