शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजन,
सीएम ने कहा- लंबित सभी मामलों को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निपटाया जाएगा
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वीरवार को श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में कश्मीर संभाग के 60 लाभार्थियों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपे।
इस मौके पर उन्होंने बताया कि पहले एसआरओ-43 के नाम से जानी जाने वाली योजना को अब पुनर्वास सहायता योजना नाम दिया गया है और इसके तहत कश्मीर प्रांत के लिए अब तक 60 नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना सरकार के कर्मचारियों को आश्वासन देती है कि ईश्वर न करे, यदि सेवा के दौरान किसी की मृत्यु हो जाती है तो उनके परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। विगत बुधवार को जम्मू में भी इसी तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इससे पहले आयोजित समारोह में कश्मीर के विभिन्न जिलों से आए 54 लाभार्थियों को एसआरओ-43 तथा आरएएस-2022 के तहत नियुक्ति एवं नियमितीकरण के आदेश सौंपे गए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबित सभी मामलों को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निपटाया जाएगा तथा प्रक्रिया में जो कमियां हैं, उन्हें दूर किया जाएगा ताकि आवेदकों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अनुकंपा नियुक्ति किसी का एहसान नहीं, बल्कि नीति के तहत परिवार का हक है। सरकार शोक संतप्त परिवारों के सबसे कठिन समय में उनके साथ खड़ी है और उन्हें संस्थागत सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। संवाद