- बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित, पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। पहलगाम के अवूरा क्षेत्र में बादल फटने की घटना के बाद पहलगाम-अवूरा-बिजबिहाड़ा सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़क के कई हिस्सों में मलबा और तेज बहाव के कारण आवाजाही बाधित हो गई है।
घटना के चलते इलाके में बिजली और पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई है जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने प्रभावित होटलों में ठहरे पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है।
उनका कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बहाली का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को हो रही परेशानियों से जल्द राहत मिल सके। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है जबकि संबंधित विभाग सड़क, बिजली और पेयजल सेवाओं को शीघ्र बहाल करने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।
एक पल के लिए लगा अब बच नहीं पाएंगे
पहलगाम के अवूरा क्षेत्र में बादल फटने के बाद का भयावह मंजर लोगों के दिलों में हमेशा के लिए बस गया है। सैलानियों का कहना है कि तेज सैलाब और अफरा-तफरी का वह दृश्य शायद ही कभी भुलाया जा सके। नागपुर (महाराष्ट्र) से आईं पर्यटक सुनीता चौधरी ने घटना को याद करते हुए कहा, एक पल के लिए लगा कि अब बच नहीं पाएंगे। पहली बार मौत को इतने करीब से देखा लेकिन होटल में काम करने वाले कर्मचारियों ने समय रहते हमारी मदद की और सुरक्षित बाहर निकाला।
लोग फरिश्ते होते हैं, यह सिर्फ सुना था लेकिन उस दिन हमने इसे सच होते देखा। वहीं, होटल मालिक ने बताया कि बादल फटने के बाद चारों ओर पानी का तेज बहाव था और ऐसा लग रहा था कि सब कुछ बह जाएगा। उन्होंने कहा कि उस समय होटल में कुछ महिला पर्यटक अपने परिवारों के साथ ठहरी हुई थीं। नुकसान की परवाह किए बिना होटल के कर्मचारियों ने सबसे पहले सभी पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने को प्राथमिकता दी।