अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर टंगमर्ग के व्यापारियों और सिविल सोसायटी के सदस्यों ने बुधवार को कैंडल मार्च निकाया। इस दौरान हमले में जान गंवाने वाले 26 लोगों को श्रद्धांजलि भेंट की गई।
कारोबारियों ने उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्यटन उद्योग ही इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। लोगों ने कहा कि पिछले साल दक्षिण कश्मीर के इस मशहूर पर्यटन स्थल पर हुए इस हमले से न केवल बेकसूर लोगों की जान गई बल्कि पर्यटन क्षेत्र पर निर्भर लोगों की रोजी-रोटी पर भी इसका गहरा असर पड़ा। व्यापारी समुदाय और सिविल सोसायटी के सदस्यों ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी एकजुटता जाहिर की और पर्यटकों का स्वागत करने के अपने वादे को दोहराया।
एटीवी एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद सुभान ने कहा कि पर्यटक ही हमारी जान हैं, पर्यटक ही हमारी शान हैं। आज हमने टंगमर्ग में कैंडल मार्च निकाला। एटीवी एसोसिएशन से लेकर टैक्सी यूनियन तक सभी लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। लोगों ने कुछ देर तक मौन रखा और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए मोमबत्तियां जलाईं।
एक अन्य स्थानीय गुलजार अहमद ने कहा कि हम बहुत दुखी हैं। यह दुख सदियों तक हमारे साथ रहेगा क्योंकि यह घटना पहलगाम में हुई थी। हम हर साल इस दिन को याद करेंगे।इस सभा के जरिए देश भर के संभावित यात्रियों को एक मजबूत संदेश देने की भी कोशिश की गई जिसमें यह जोर देकर कहा गया कि कश्मीर आज भी सुरक्षित है और यहां आने वालों का स्वागत किया जाता है।
एक अन्य आयोजक ने कहा कि यहां कोई खतरा नहीं है। पर्यटक बिना किसी डर के गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम घूमने आ सकते हैं। हम हर समय आपकी सेवा के लिए तैयार हैं। कश्मीर आपका ही है। उन्होंने आगे कहा कि इंशाअल्लाह, पर्यटकों की आमद और भी बढ़ेगी। कारोबारियों ने पिछले साल हुए इस हमले की कड़ी निंदा की और बरसी के मौके पर एक बार फिर देश के साथ एकजुट होकर खड़े रहने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि हमारा देश सुरक्षित रहे, खासकर हमारे पर्यटकों के लिए। हम पूरे देश के साथ खड़े हैं। मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि देने का यह कार्यक्रम टंगमर्ग एटीवी एसोसिएशन और स्थानीय टैक्सी स्टैंड यूनियन ने मिलकर आयोजित किया था।