बारामुला में भाजपा नेता अशोक कौल। संवाद
- भाजपा नेता ने बारामुला में किया कार्यकताओं से संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने रविवार को पाकिस्तान में एक मस्जिद पर हुए हालिया आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे निर्दोष लोगों के खिलाफ कायरता और क्रूरता की हरकत बताया।
बारामुला पहुंचे कौल ने कहा कि धार्मिक स्थलों और नागरिकों को निशाना बनाना एक जघन्य अपराध है और यह पाकिस्तान में आतंकवाद की गहरी जड़ें दिखाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं पाकिस्तानी सरकार की अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफलता को उजागर करती हैं।
आने वाले बजट पर टिप्पणी करते हुए कौल ने कहा कि सरकार लोगों के अनुकूल बजट पेश करने के लिए प्रतिबद्ध है और जम्मू-कश्मीर में आम जनता को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू करेगी।
विधानसभा में बारामुला के विधायक जावेद बेग के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कौल ने उनकी टिप्पणियों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि जावेद बेग ने अक्सर राजनीतिक पार्टियां बदली हैं। पहले पीडीपी में शामिल हुए और फिर नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) में। कौल ने कहा कि एनसी के साथ अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद बेग बीजेपी में भी शामिल हो सकते हैं जहां उनका स्वागत किया जाएगा।
कौल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा की भी आलोचना करते हुए कहा कि उनकी चुनावी सफलता केवल नेशनल कॉन्फ्रेंस के समर्थन के कारण ही संभव हुई। उन्होंने कहा कि कर्रा में अकेले चुनाव जीतने की राजनीतिक ताकत नहीं है।