- खेत में काम कर रहे व्यक्ति को भालू ने किया लहूलुहान, हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
पुलवामा। जिले में त्राल के सोइनाड-दीदारपोरा इलाके में बुधवार देर शाम को एक भालू ने खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत और खौफ का माहौल बना हुआ है।
लोग घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे हैं। घायल पीड़ित की पहचान सोइनाड-दीदारपोरा के रहने वाले जुबैर अहमद गुज्जर के रूप में हुई है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, जुबैर जब अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक एक भालू ने उन पर हमला बोल दिया और उन्हें बुरी तरह नोंच डाला। जुबैर की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे स्थानीय लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े जिसके बाद भालू वहां से जंगल की तरफ भाग गया।
ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायल जुबैर को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज चल रहा है।इस घटना से नाराज और डरे हुए स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में जंगली जानवरों के बढ़ते खतरों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही है जिससे उनका जीना मुहाल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने वन्यजीव विभाग से पुरजोर मांग की है कि इस भालू को पकड़ने के लिए तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएं और पिंजरे लगाए जाएं ताकि भविष्य में होने वाले ऐसे हमलों को रोका जा सके और लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।