- कुंजर में फर्जी सरकारी अधिकारी बनकर फ्रॉड करने का प्रयास करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एफआईआर दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। पुलिस ने वीरवार की देर रात वुसान कुंजर में जमीन की धोखाधड़ी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने धोखेबाजों के एक ऐसे गिरोह को गिरफ्तार किया जो जमीन के दलाल और सरकारी अधिकारी बनकर एक अनजान खरीदार को धोखा देने की कोशिश कर रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने जमीन के एक टुकड़े पर झूठा मालिकाना हक जताया था और अपने एक साथी को उसका असली मालिक बनाकर पेश किया था। अपनी इस साजिश को विश्वसनीय बनाने के लिए गिरोह के एक सदस्य ने पटवारी का रूप धरा, जबकि अन्य सदस्यों ने राजस्व अधिकारियों के तौर पर खुद को पेश किया। हालांकि, पुलिस द्वारा समय पर की गई जांच-पड़ताल से इस पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गया और यह साबित हो गया कि यह शिकायतकर्ता के साथ धोखाधड़ी करने की एक सोची-समझी साजिश थी।
पुलिस ने इस मामले में फर्जी पटवारी गुलाम मोहम्मद वानी निवासी पालपोरा पुलवामा, मसूद अहमद वानी निवासी पीर बाग जो जमीन के मालिक खुर्शीद आलम का बेटा बनकर पेश हुआ था। पुलिस ने दलाल मोहम्मद यूसुफ वानी निवासी पंडितपोरा कुंजर, दलाल मोहम्मद अब्दुल्ला मीर निवासी शिलवत सोनावारी, दलाल बिलाल पर्रे निवासी मारकुंडाल, दलाल फयाज अहमद खांडे निवासी टक्कनवारी श्रीनगर और दलाल रियाज अहमद मीर निवासी शेखजू गांदरबल को गिरफ्तार किया है।
शुरुआती जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता अब्दुल अहद मलिक निवासी पांजी नारा शालतेंग पहले ही चार लाख रुपये नकद और 10 हजार रुपये बैंक ट्रांसफर के जरिए दे चुका था और आरोपी उसे 20 लाख रुपये और जुटाने के लिए लगातार उकसा रहे थे।
इस ऑपरेशन के दौरान, पुलिस ने वुस्सान बांगिल में खसरा नंबर 271, 272, 273 और 274 के तहत आने वाली 13.5 कनाल जमीन से जुड़े जाली राजस्व दस्तावेज बरामद किए और उन्हें जब्त कर लिया।