बारामुला। बाबा रेशी-चूंटपाथर रोड पर एक स्थान पर बड़ी दरारें पड़ गई हैं। इससे पिछले चार-पांच दिन से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरारों के कारण दुर्घटना होने का खतरा बढ़ गया है।
यह सड़क पवित्र बाबा रेशी जियारत तक जाने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है जिसका इस्तेमाल स्थानीय लोग और श्रद्धालु अक्सर करते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क के बीच आई दरारों की वजह से चालकों को दिक्कत हो रही है। दुर्घटना होने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासी आमिर रसूल ने कहा कि दरारें धीरे-धीरे चौड़ी होती जा रही हैं। न केवल छोटी बल्कि बड़ी गाड़ियों के लिए भी आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। इस सड़क पर सफर करना जोखिम से भरा है।
लोगों ने प्रशासन से तुरंत ध्यान देने, मौके पर जाकर जांच करने और किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए बिना देर किए मरम्मत का काम शुरू करने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर दरारें जल्द भरी नहीं गईं तो पूरी सड़क ही बंद हो सकती है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होगी। जियारत के लिए आने वाले तीर्थ यात्रियों पर भी असर पड़ेगा।