अमृतपाल सिंह बाली
श्रीनगर। गुलमर्ग की बर्फ से ढकी सफेद घाटी में आयोजित हुए छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स में मेजबान जम्मू-कश्मीर को एकमात्र स्वर्ण पदक जुबैर लोन ने दिलवाया। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के एक छोटे से गांव टंगमर्ग के इस युवक ने पुरुषों की जायंट स्लैलम स्नोबोर्डिंग का टाइटल 1:17.424 सेकंड में जीता।
उन्होंने सेना की टीम के विवेक राणा (1:17.451) को थोड़े से अंतर से हराया जबकि सेना की टीम के कुलविंदर शर्मा ने कांस्य पदक जीता। जुबैर का मानना है कि कश्मीर में युवाओं में बहुत ज्यादा प्रतिभा है लेकिन उसे सही तरीके से निखारने की जरूरत है। उनके अनुसार सरकार को गुलमर्ग में बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की जरूरत है।
ज़ुबैर ने अमर उजाला के साथ विशेष बातचीत में कहा कि ज्वाइंट स्लैलम स्नोबोर्डिंग इवेंट में देश के विभिन्न हिस्सों से आये 40 के करीब खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि काफी अच्छा लगता है यह देख कर कि काफी संख्या में युवा स्कीइंग और स्नो-बोर्डिंग शीतकालीन खेलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। जो गर्मियों में रनिंग करते हैं वो भी स्की माउंटेनियरिंग जैसे खेलों में रुचि दिखा रहे हैं। यह अच्छा संकेत हैं। जुबैर ने कहा कि मैं तो यह संदेश देना चाहूंगा कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में बच्चे आएं और अच्छा खेल प्रदर्शन दिखाएं। अच्छा कॅरिअर बन सकता है और जिस तरह से मैंने करीब 40 से अधिक देशों में ट्रेनिंग की है और प्रतियोगिताएं में भी भाग लिया, वह भी इसका लाभ उठाएं।
उत्तरी कश्मीर के टंगमर्ग के काजीपोरा के जुबैर लोन ने हाल ही में एफआईएस स्नोबोर्ड अल्पाइन वर्ल्ड कप में भी भाग लिया था। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय स्नोबोर्डर बने हैं। गुलमर्ग की ढलानों से निकलकर लोन ने दुनिया के टॉप अल्पाइन स्नोबोर्डर के साथ मुकाबला किया जिसे वह कई युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं। लोन ने कहा, मैं टंगमर्ग और गुलमर्ग में पला-बढ़ा हूं, जहां अच्छी खासी बर्फबारी होती है और देश दुनिया के स्कीइंग और स्नो बोर्ड प्रेमी यहां आते हैं। मैं भारत का कई बड़े मंचों पर प्रतिनिधित्व किया है और मैं भारत को वैश्विक स्नोबोर्डिंग मानचित्र पर लाना चाहता हूँ।