बांदीपोरा। उत्तरी कश्मीर के जिले में मिड-डे मील कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने और समय पर वेतन जारी करने की मांग को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी शामिल हुईं। उन्होंने कहा, हम स्कूल के बच्चों के लिए ईमानदारी से काम कर रहे हैं लेकिन हमारा अपना परिवार कम और विलंबित वेतन के कारण परेशानी में है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से तुरंत हस्तक्षेप करने और इस मुद्दे को सुलझाने की अपील की है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो वे अपने विरोध प्रदर्शन को तेज कर देंगे। वहीं महिला प्रदर्शनकारी का कहना था कि वे कई वर्षों से न्यूनतम वेतन पर काम कर रही हैं जो बढ़ती घरेलू खर्चों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें वेतन समय पर न मिलने के कारण उन्हें गंभीर वित्तीय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से अनुरोध किया कि वह उनके मासिक वेतन को बढ़ाए और सुनिश्चित करे कि वेतन हर महीने समय पर जारी हो। उन्होंने कहा कि आज तक सिर्फ अधिकारियों से सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला।