बांदीपोरा। बर्फबारी ने बांदीपोरा के कई हिस्सों को सफेद चादर से ढक दिया है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पूरे क्षेत्र में सड़क संपर्क प्रभावित है। बांदीपोरा-गुरेज मार्ग बंद पड़ा है।
क्षेत्र के ऊंचे इलाकों तुलाइल, किलशे, ट्राकबल, बुदुआब, राजदान टॉप और आस-पास के क्षेत्रों में रातभर बर्फबारी होती रही। इससे सड़कें फिसलन भरी हो गईं हैं। दृश्यता भी कम है। मौजूदा मौसम की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने एहतियाती उपाय के तौर पर प्रमुख मार्गों, विशेष रूप से बांदीपोरा-गुरेज सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
गुरेज के एसडीएम डॉ. मुख्तार अहमद ने जारी परामर्श में कहा कि लगातार बर्फबारी के पूर्वानुमान, फिसलन भरी सड़कों और कम दृश्यता के कारण बांदीपोरा-गुरेज मार्ग बंद रहेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि जब तक मौसम में सुधार न हो जाए तब तक वे अनावश्यक यात्रा से बचें। मौसम में बदलाव के कारण पूरे जिले में तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है। संवाद