श्रीनगर। अवामी इत्तिहाद पार्टी को दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई। इस पर पार्टी ने गहरी नाराजगी और चिंता व्यक्त की है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता इनाम उल नबी ने कहा कि पार्टी ने दिल्ली प्रशासन से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन किया था। पार्टी की ओर से पूरी तैयारी की गई थी कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने तथा खोई हुई पहचान और संवैधानिक अधिकारों की वापसी की मांग को लेकर दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा।
पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि यह निर्णय लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला है। इनाम उन नबी ने कहा कि पार्टी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठाना चाहती थी लेकिन अनुमति न मिलने से पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में निराशा है। संवाद