बांदीपोरा के गुरेज के कंजनवान में डिटर्जेंट बना रही महिला। संवाद
- डिटर्जेंट बनाकर बदल रहीं अपनी तकदीर, कंजलवान में स्थापित केंद्र से स्थानीय महिलाएं सीख रहीं हुनर
भट शहजाद
बांदीपोरा। सुदूर और दुर्गम गुरेज घाटी के कंजलवान इलाके में सेना की ओर से स्थापित हरमुख शीन डिटर्जेंट सेंटर स्थानीय महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता की किरण लेकर आया है। सेना की ओर से शुरू की गई यह पहल महिलाओं को हुनरमंद बनाकर न केवल सामाजिक बंदिशों को तोड़ने में मदद कर रही है बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी भी बना रही है।
सेना की ओर से स्थापित इस केंद्र में दर्जनों स्थानीय महिलाओं को डिटर्जेंट और वाशिंग पाउडर बनाने का बाकायदा प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये महिलाएं स्थानीय ब्रांड शीन डिटर्जेंट्स के नाम से उत्पाद तैयार कर रही हैं जिन्हें स्थानीय बाजारों में बेचा जा रहा है। इस पहल ने घरेलू महिलाओं को पहली बार आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने और अपने परिवार की आमदनी में हाथ बंटाने का मौका दिया है।
केंद्र से जुड़ी एक स्थानीय महिला ने बताया कि इस पहल ने उनमें नया आत्मविश्वास भरा है। उन्होंने कहा, पहले हमारे पास स्वतंत्र रूप से काम करने और कमाने के अवसर न के बराबर थे। केंद्र में मिले प्रशिक्षण से हमने डिटर्जेंट बनाना सीखा और अब हम अपने परिवार की आर्थिक मदद कर पा रही हैं। इससे हमें स्वावलंबी बनने की प्रेरणा मिली है।
एक अन्य स्थानीय निवासी ने भारतीय सेना का आभार जताते हुए कहा कि गुरेज जैसे सर्दियों में महीनों कटे रहने वाले दूरदराज के इलाके में महिलाओं के लिए रोजगार के साधन बेहद सीमित रहे हैं। ऐसे में सेना द्वारा उठाया गया यह कदम महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है।
सेना की यह पहल महिलाओं को आजीविका देने के साथ-साथ घाटी में महिलाओं के काम करने को लेकर बनी पारंपरिक सामाजिक रूढ़ियों को भी चुनौती दे रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं अब घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर स्थानीय अर्थव्यवस्था में सक्रिय योगदान दे रही हैं। सेना का यह केंद्र गुरेज की महिलाओं के लिए कौशल विकास, सम्मान और सशक्तिकरण का जीवंत मंच बन चुका है। संवाद