श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सेना की कमान संभालने वाली उत्तरी कमांड के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद-रोधी ग्रिड की समीक्षा की। उन्होंने जवानों को उनके समर्पण के लिए बधाई भी दी। इस दौरान सेना के अन्य अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
सेना की उत्तरी कमांड ने एक्स पर किए गए एक पोस्ट में कहा कि उत्तरी कमांड के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने दक्षिण कश्मीर में आतंकवाद-रोधी ग्रिड की समीक्षा की जहां उन्हें मौजूदा सुरक्षा स्थिति और ऑपरेशनल तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। सेना कमांडर ने तालमेल, अनुकूलन क्षमता, सटीकता और लगातार सतर्कता पर जोर दिया। ये ऐसे मुख्य तत्व हैं जो खुफिया जानकारी पर आधारित सफल ऑपरेशनों और किसी भी उभरती चुनौती पर त्वरित प्रतिक्रिया के लिए जरूरी हैं। सैनिकों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने उनकी अदम्य भावना और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
बता दें कि इससे पूर्व सेना कमांडर ने उत्तरी कश्मीर के आंतरिक इलाकों में भी सैन्य इकाइयों का दौरा कर सीना की ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लिया और सभी सुरक्षा एजंसियों के साथ समन्वय बनाते हुए कार्रवाई को अंजाम देने पर भी जोर दिया।