श्रीनगर। श्रीनगर में वीरवार दोपहर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बेहद चिंताजनक स्तर 423 पर पहुंच गया। यह एक्यूआई खतरनाक श्रेणी में आता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे बेहद घातक मान रहे हैं क्योंकि प्रदूषण के सूक्ष्म कण फेफड़ों की गहराई तक जाकर रक्तप्रवाह में मिल सकते हैं, जिससे सांस और हृदय संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
वैश्विक वायु गुणवत्ता निगरानी मंच ''आईक्यूएयर'' के आंकड़ों के अनुसार, शहर की हवा में अति सूक्ष्म कणों की सांद्रता 286.9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गई है। वीरवार दोपहर 3:30 बजे दर्ज किए गए इन आंकड़ों ने घाटी में सर्दियों के दौरान बढ़ते प्रदूषण और आम जनता के स्वास्थ्य पर इसके गंभीर दुष्प्रभावों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आईक्यूएयर डैशबोर्ड पर पीएम 2.5 को मुख्य प्रदूषक के रूप में चिह्नित किया गया है, जिसके आंकड़े छह अलग-अलग एजेंसियों की ओरसे संचालित सात निगरानी केंद्रों से प्राप्त किए गए हैं। पिछले 24 घंटों में बारिश न होने और आगामी दिनों में भी मौसम शुष्क रहने के पूर्वानुमान के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक कण जमीन के करीब जमा हो रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि पहाड़ों से घिरी घाटी की भौगोलिक स्थिति और हवा की बेहद धीमी गति प्रदूषकों के फैलाव को रोकती है। वर्ष 2018 में ''साइंटिफिक रिपोर्ट्स'' में प्रकाशित एक अध्ययन में भी यह सामने आया था कि सर्दियों में ठंडे और शुष्क मौसम के साथ-साथ घरों में कोयले और बायोमास जलाने से श्रीनगर में पीएम 2.5 का स्तर काफी बिगड़ जाता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की संशोधित कार्ययोजना में भी वाहनों से निकलने वाले धुएं को प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण माना गया है, जिसके साथ सड़क की धूल, निर्माण कार्य, यातायात जाम, कचरा जलाना और डीजल जनरेटर अन्य प्रमुख कारक हैं।
हालांकि, प्रदूषण के इन आंकड़ों के बीच निजी और सरकारी निगरानी मंचों के डेटा में बड़ा अंतर भी देखने को मिल रहा है। हाल ही में 20 नवंबर को श्रीनगर का एक्यूआई 354 था, वहीं सीपीसीबी के आधिकारिक आंकड़ों में यह मात्र 59 (''संतोषजनक'' श्रेणी) दर्ज हुआ था। इसी तरह 22 नवंबर को भी आईक्यूएयर पर एक्यूआई 181 और राजबाग स्थित सीपीसीबी केंद्र पर 38 दर्ज किया गया था। जम्मू-कश्मीर प्रदूषण नियंत्रण समिति के अनुसार, उपकरणों, सेंसर नेटवर्क, औसत निकालने की अवधि और एक्यूआई पैमाने में अंतर के कारण विभिन्न मंचों के आंकड़ों की सीधी तुलना नहीं की जा सकती। बहरहाल, हवा में पीएम 2.5 के अत्यधिक स्तर को स्वास्थ्य विशेषज्ञ बेहद घातक मान रहे हैं क्योंकि ये सूक्ष्म कण फेफड़ों की गहराई तक जाकर रक्तप्रवाह में मिल सकते हैं, जिससे सांस और हृदय संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।