- डीएच पोरा में कार्यकर्ता सम्मेलन में अब्दुल मजीद पद्दर ने संगठन मजबूत करने का किया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुलगाम। जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी की डीएच पोरा कुलगाम इकाई ने सोमवार को डीएच पोरा में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता अब्दुल मजीद पद्दर ने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठी हुकूमत जनता से किए गए अपने चुनावी वादों को पूरा करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि आज केवल अपनी पार्टी ही ऐसी राजनीतिक ताकत है जो आम अवाम की वास्तविक समस्याओं और सरोकारों को बेबाकी से उठा रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी एक सकारात्मक और अलग तरह की राजनीति में विश्वास रखते हैं, जिसका मूल उद्देश्य जम्मू-कश्मीर की जनता की भावनाओं और आकांक्षाओं को पूरा करना है। पद्दर ने 2024 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि अपनी पार्टी ने तब जनता से एक मौका देने की अपील की थी, लेकिन अवाम ने उन्हें सत्ता सौंप दी जिन्होंने बार-बार उनके विश्वास को तोड़ा है।
वरिष्ठ नेता ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अपनी पार्टी आगामी सभी चुनावों को पूरे दमखम, नए उत्साह और मजबूत संकल्प के साथ लड़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी को भविष्य में बड़ी सफलता मिलेगी।