- भवन अनुमति नियमों के उल्लंघन मामले में एसीबी ने की कार्रवाई, चार अधिकारी और सात लाभार्थी बनाए आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने इमारत निर्माण नियमों के उल्लंघन से जुड़े एक मामले में श्रीनगर नगर निगम (एसएमसी) के अधिकारियों समेत 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। एसीबी के एक प्रवक्ता के अनुसार मामले में एसएमसी के चार अधिकारियों और सात लाभार्थियों को आरोपी बनाया गया है।
इन पर जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि यह चार्जशीट श्रीनगर एसीबी थाने ने अतिरिक्त विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निरोधक न्यायालय श्रीनगर के समक्ष दायर की। श्रीनगर के जवाहर नगर, गोनीखान, हरि सिंह हाई स्ट्रीट और वजीर बाग में छह अवैध ढांचों के निर्माण के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई थी। ये ढांचे एसएमसी श्रीनगर के अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से सक्षम प्राधिकारी से कोई भी वैध और उचित बिल्डिंग परमिशन प्राप्त किए बिना बनाए गए थे।
श्रीनगर एसीबी थाने की टीम की जांच में मौखिक और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अधिकारियों व कर्मचारियों और निजी लाभार्थियों के खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह से सही पाए गए हैं। आरोपी सरकारी अधिकारियों और लाभार्थियों के बीच हुई साजिश बिना किसी संदेह के साबित हो गई। सरकारी कर्मचारियों के अभियोजन के लिए सरकार से आवश्यक मंजूरी प्राप्त करने के बाद चार आरोपी सरकारी कर्मचारियों और सात निजी लाभार्थियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की गई।
एसीबी के प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले की अगली सुनवाई 16 जून 2026 को तय की गई है।