- डीसी ने कहा यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर विभाग का तालमेल जरूरी, आग, भगदड़, डूबने जैसे हालात से निपटने की हुई समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने लघु सचिवालय गांदरबल के सभा कक्ष में व्यापक मेज पर अभ्यास किया। डीसी जतिन किशोर ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले की तैयारी और आपातकालीन प्रतिक्रिया ढांचे की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए बारीक योजना, सभी विभागों में तालमेल और तुरंत मदद पहुंचाना सबसे जरूरी है। एनडीएमए के समन्वयक ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) पीएस गुरंग ने कहा कि ऐसे नियमित अभ्यास से आपदा से निपटने की क्षमता बढ़ती है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। यह अभ्यास एजेंसियों की तैयारी परखने और आपात स्थिति में तालमेल देखने के लिए किया गया।
अभ्यास के दौरान शिविरों में आग लगना, भगदड़, डूबने की घटनाएं और अन्य संभावित आपात स्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने मदद पहुंचाने के तरीके, संसाधन जुटाने, संचार व्यवस्था और तालमेल पर मंथन किया। अतिरिक्त उपायुक्त सैयद फहीम बिहाकी ने यात्रा मार्ग पर जोखिम कम करने के लिए जिला प्रशासन के प्रयास बताए।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, मौसम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन एवं आपात सेवा, सुरक्षा बलों और संचार एजेंसियों ने भी अपनी-अपनी तैयारी की जानकारी दी। सभी एजेंसियों से कहा गया कि वे अपनी भूमिका साफ तय करें, योजनाओं में कमियां पहचानें और आपसी तालमेल मजबूत करें ताकि किसी भी अनहोनी से तुरंत निपटा जा सके। अभ्यास में अतिरिक्त उपायुक्त, सोनमर्ग विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सहायक आयुक्त आपदा प्रबंधन, सहायक आयुक्त राजस्व, जिले के वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों व विभागों के प्रतिनिधि शामिल हुए।