अनंतनाग के उपायुक्त ने आधार शिविरों, काजीगुंड व मीर बाजार का किया दौरा, पानी, बिजली, स्वच्छता व ट्रैफिक प्रबंधन पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। अमरनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अनंतनाग डॉ. बिलाल मोहिउद्दीन भट ने मंगलवार को विभिन्न आधार शिविरों दौरा किया। उन्होंने तीर्थ यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर की जाएं ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।
डीसी ने मीर बाजार, काजीगुंड स्थित अखरोट फैक्ट्री परिसर और एफसीआई गोदाम सहित अन्य स्थानों का दौरा किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराई जाएं ताकि उन्हें बेहतर अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान डीसी ने उच्च गुणवत्ता वाले शौचालय, पर्याप्त रोशनी के साथ पार्किंग व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पानी की समस्या को देखते हुए प्रभावी जल निकासी प्रणाली विकसित करने और मार्गों की मरम्मत सुनिश्चित करने को भी कहा।
डीसी ने लंगरों और शौचालयों के लिए पर्याप्त जल आपूर्ति के साथ-साथ पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा बिजली की निर्बाध आपूर्ति, ट्रांजिट कैंप्स की साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर एडीसी, एसडीएम डोरू, तहसीलदार अनंतनाग और काजीगुंड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान डीसी ने खानाबल पुल का भी निरीक्षण किया जहां स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक जाम और पुल के विस्तार की मांग उठाई। इस पर डीसी ने आरएंडबी विभाग के इंजीनियरों को एसीआर के साथ समन्वय कर समस्या के समाधान और जल्द डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए ताकि अतिरिक्त हिस्से का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।