अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) सरकार पर चुनावों में लोगों को धोखा देने के लिए अनुच्छेद 370 और 35ए को लेकर भावनात्मक ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया।
अपनी पार्टी प्रमुख ने एनसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि क्या आपने हाल के चुनाव देखे? लोगों ने अनुच्छेद 370 और 35ए के भावनात्मक ब्लैकमेल पर वोट दिया। उन्होंने कहा था कि वे एक लाख नौकरियां देंगे, 200 यूनिट मुफ्त बिजली देंगे और प्रति व्यक्ति राशन में 10 किलो की बढ़ोतरी करेंगे। लेकिन यह सब झूठ था। उन्होंने लोगों से जो कुछ भी कहा, वह सब झूठ था।
बुखारी ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय पार्टियों ने वोट पाने के लिए लगातार दिल्ली को कोसा है। दिल्ली को जम्मू और कश्मीर की जरूरत है। लेकिन अगर दिल्ली हमारे युवाओं का सम्मान नहीं करती तो हमें दिल्ली की जरूरत नहीं है। हमें ऐसी दिल्ली चाहिए जहां हमारे बुजुर्गों का सम्मान हो। बुखारी ने कहा कि हमारी पार्टी की राजनीति सच्चाई पर आधारित है। हम लोगों को धोखा नहीं देते।