श्रीनगर और अनंतनाग पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर जिले और अनंतनाग जिले में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो करोड़ से अधिक कि संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि नशा मुक्त जम्मू और कश्मीर अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस ने एक कुख्यात नशा तस्कर की लगभग 1.20 करोड़ की अचल संपत्ति जब्त कर ली है। वहीं अनंतनाग पुलिस ने एक कुख्यात नशा तस्कर की 85 लाख की अचल संपत्ति को जब्त किया है।
प्रवक्ता ने बताया कि थाना नौहट्टा ने एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज एफआईआर के तहत आरोपी निसार अहमद शेख निवासी कानी दीवार, शेख मोहल्ला, हवाल, श्रीनगर की अचल संपत्ति जब्त कर ली। जब्त की गई संपत्ति में मरम्मत किया हुआ तीन-मंजिला मकान, तीन वॉशरूम वाला एक अलग एक-मंजिला कंक्रीट का रसोई ब्लॉक और 9 मरला जमीन शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि दूसरी कार्रवाई में श्रीगुफवारा थाना की पुलिस ने इम्तियाज अहमद गनी निवासी शालगाम, श्रीगुफवारा के एक मंजिला मकान को जब्त कर लिया है। इस मकान का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 85 लाख है। आरोपी श्रीगुफवारा थाना में दर्ज एफआईआर में शामिल है।
उन्होंने बताया कि जांच में यह साबित हो गया था कि जब्त की गई यह संपत्तियां नशीले पदार्थों की तस्करी से होने वाली अवैध कमाई से खरीदी गई थी। यह कार्रवाई पुलिस की ओर से नशा तस्करों, सरगनाओं और नशीले पदार्थों के व्यापार को आर्थिक रूप से समर्थन देने वाले पूरे ढांचे के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियान का एक हिस्सा है। अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को निशाना बनाकर पुलिस का उद्देश्य न केवल अपराधियों पर मुकदमा चलाना है बल्कि ड्रग नेटवर्क की आर्थिक रीढ़ को भी तोड़ना है।