- एडीजीपी के निर्देश पर श्रीनगर में फायर सेफ्टी अवेयरनेस प्रोग्राम, बटमालू मुख्यालय बेमिना में दिया लाइव डेमो
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। एडीजीपी फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज जम्मू-कश्मीर अलोक कुमार के निर्देश पर फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज मुख्यालय बटमालू ने वॉलंटरी मेडिकेयर सोसायटी बेमिना में फायर सेफ्टी अवेयरनेस प्रोग्राम और लाइव डेमो का आयोजन किया।
कार्यक्रम में सोसायटी के स्टाफ ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। इसका उद्देश्य आग से सुरक्षा और आपात तैयारी को लेकर जागरूकता बढ़ाना था। सत्र में आग की रोकथाम, अलग-अलग तरह के अग्निशामक यंत्रों को सुरक्षित तरीके से चलाना, आपात निकासी प्रक्रिया और आग लगने की स्थिति में स्टाफ की भूमिका-जिम्मेदारी जैसे अहम पहलुओं पर जानकारी दी गई।
जागरूकता लेक्चर शमीम अहमद, एसटीओ और समीर-उल-हामिद, एसटीओ ने दिया। दोनों ने आग बुझाने के उपकरणों के असरदार इस्तेमाल और इमरजेंसी रिस्पॉन्स तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्थान में आग से सुरक्षा की जागरूकता मजबूत करना, आपात स्थिति में तैयारी बेहतर बनाना और सुरक्षा-सतर्कता की संस्कृति को बढ़ावा देना था। प्रतिभागियों ने सत्र में सक्रियता से हिस्सा लिया और फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज टीम के प्रैक्टिकल सुझावों की सराहना की।
फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज जम्मू-कश्मीर ने कहा कि विभाग सार्वजनिक सुरक्षा को बढ़ावा देने और आग से जुड़े जोखिम कम करने के लिए संस्थानों और संगठनों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रखेगा।