- प्रोजेक्ट्स, हेरिटेज साइट्स और विकास कार्यों का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। एडिशनल जिला डेवलपमेंट कमिश्नर (एडीडीसी) प्रांजल जे. हजारिका का गुलमर्ग सब-डिवीजन का दो दिवसीय दौरा शुक्रवार को संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की।
दौरे में उनके साथ एसडीएम गुलमर्ग जलील अहमद मीर, तहसीलदार तंगमर्ग, बीडीओ, नगर समितियों के ईओ और कृषि, बागवानी, मत्स्य और पर्यटन विभागों के अधिकारी मौजूद थे। एडीडीसी ने तंगमर्ग में एचएडीपी के तहत स्थापित एपिकल्चर यूनिट और ट्राउट फार्म का निरीक्षण किया। उन्होंने इकाइयों के कामकाज, बनाई गई इंफ्रास्ट्रक्चर और उत्पादन क्षमता की समीक्षा की।
अधिकारियों से लाभार्थियों तक पहुंच और विस्तार योजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एचएडीपी का लाभ किसानों, मधुमक्खी पालकों और उद्यमियों तक सही तरीके से पहुंचे। इसके लिए बेहतर क्रियान्वयन और जन जागरूकता पर जोर देने को कहा। एडीडीसी ने बाबा रिशी जियरात, डूरंग मंदिर के अवशेष, सेंट मेरी चर्च और महारानी मंदिर गुलमर्ग का भी दौरा किया।
उन्होंने इन ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, रखरखाव और पर्यटन सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने कहा कि जिले की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को बचाना जरूरी है। साथ ही यात्रियों के लिए सुविधाएं बेहतर की जाएं और स्मारकों की उचित देखभाल सुनिश्चित हो।
सब-डिवीजन में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए एडीडीसी ने एजेंसियों से गुणवत्ता से समझौता किए बिना तय समय में प्रोजेक्ट पूरे करने को कहा। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय, नियमित फील्ड मॉनिटरिंग और समस्याओं के तुरंत समाधान पर भी बल दिया ताकि विकास कार्य पारदर्शी और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचें।